म्योरपुर(सोनभद्र)। डीएम प्रमोद कुमार उपाध्याय ने रविवार को म्योरपुर ब्लॉक के रनटोला ग्राम पंचायत के मनरहवां टोला में चौपाल लगाकर समस्याएं सुनी। कहा कि खुले में शौच किया तो पांच सौ रुपये जुर्माना लगेगा।
डीएम ने गांव के शौचालयों की स्थिति देखी। इस दौरान धीर सिंह, हरि सिंह एवं लालबिहारी के वहां स्थिति ठीक मिली। यदुवीर के शौचालय में मात्र एक चेम्बर होने पर नाराजगी जताते हुए गाइड लाइन के अनुसार ठीक करने को कहा। गांव में स्थित तालाब के पानी से सिंचाई का काम न करने का निर्देश दिया। ग्रामीणों द्वारा 89 बच्चों को मात्र एक शिक्षिका द्वारा पढ़ाये जाने की शिकायत की गई। खंड शिक्षा अधिकारी दिलीप कुमार ने बताया कि उनके ब्लॉक में 24 प्राथमिक विद्यालय पर किसी भी अध्यापक की तैनाती नहीं है। डीएम ने प्रत्येक विद्यालय में एक अध्यापक की तैनाती का निर्देश दिया। पोषाहार वितरण रजिस्टर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शीला त्रिपाठी द्वारा घर पर होने की बात कही गई। उन्होंने अपनी स्कार्ट गाड़ी के माध्यम से रजिस्टर मंगवाया और अपने साथ लेकर चले गए। तहसीलदार मृत्युंजय सिंह ने गांव की खतौनी सार्वजनिक रूप से पढ़ी। इस दौरान चेतन पुत्र दल्लू का वरासत न किए जाने की दशा में उन्होंने तत्काल वरासत दर्ज करने का निर्देश दिया। जन चौपाल में प्रशिक्षु आईएएस अतुल वत्स, प्रशिक्षु आईएएस अंकुर, डीपीआरओ आरके भारती, पिपरी सीओ राहुल मिश्रा, अनिल केसरी, डॉ. राजीव रंजन, एडीओ पंचायत रवि दत्त मिश्र, देवेश कुमार, सरला मिश्र, दिनेश जायसवाल आदि मौजूद रहे।