रेणुकूट(ब्यूरो)। ओबरा को तहसील बनाओ व दुद्धी को जिला बनाओ संघर्ष मोर्चा के तत्वावधान में शुक्रवार को पिपरी स्थित एसडीएम कोर्ट परिसर में वकीलों ने दुद्धी को जिला बनाने की मांग उठाई। मोर्चा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष पारसनाथ गुप्त की अगुवाई में हुए धरना प्रदर्शन के कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि 1989 में जब मिर्जापुर से काटकर सोनभद्र जिला बनाया गया था, उसके बाद 1991 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव ने पिपरी में जिला मुख्यालय का शिलान्यास किया था और कहा था कि यदि जिला मुख्यालय यहां नहीं बनाया जाएगा तो अलग जिला बनाने का कोई मतलब नहीं रह जाएगा। जिला मुख्यालय निर्माण के लिए गठित आचार्या कमेटी ने भी पिपरी में ही मुख्यालय निर्माण करने की रिपोर्ट दी थी, लेकिन बाद में राजनीतिक कारणों से जिला मुख्यालय राबर्ट्सगंज स्थानांतरित कर दिया गया। अब दुद्धी को नया जिला बनाना जरूरी है। प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन एसडीएम के प्रतिनिधि को सौंपा गया। इस दौरान नागेंद्र श्रीवास्तव, विद्यासागर पांडे, जय चंद्र झा, धीरज श्रीवास्तव, अंजनी यादव, संजय तिवारी, प्रशांत तिवारी मौजूद रहे।