सोनभद्र। स्थानीय परियोजना में कार्य कर रहे एक संविदाकार के आवास का ताला तोड़कर चोरों ने पचास हजार रुपये नगदी पर हाथ साफ कर दिया। जानकारी के अनुसार संविदाकार जब्बार मोहम्मद शेख परियोजना के आवास में रहकर स्थानीय परियोजना में ठेकेदारी करते हैं। ओबरा पुलिस को दी गई तहरीर में उन्होंने बताया है कि शनिवार की सुबह लगभग दस बजे आवास में रखी आलमारी में रविवार को मजदूरों के भुगतान के लिए पचास हजार रुपया रखकर परियोजना में कार्य कराने चले गए थे। दोपहर लगभग एक बजे वापस आने पर आवास सहित आलमारी का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो आलमारी टूटी हुई थी और रखा 50 हजार रुपये गायब मिला। घटना की सूचना ओबरा पुलिस को दे दी गई है।