Sonbhadra News: सोनभद्र के रामपुर बरकोनिया थाना क्षेत्र रामपुर में दर्दनाक हादसा हुआ। यहां पानी से भरी बाल्टी में गिरने से 14 माह के मासूम की मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
सोनभद्र जिले के रामपुर बरकोनियां थाना क्षेत्र के रामपुर गांव के पिपरा डोहर टोले में रविवार शाम पानी से भरी बाल्टी में गिरने से 14 माह के मासूम की मौत हो गई। वह माता-पिता का इकलौता बेटा था। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
विज्ञापन
क्या है पूरा मामला
रामपुर गांव निवासी राजेश कुमार गोड़ का 14 माह का पुत्र रुद्रांशु रविवार शाम करीब 6:30 बजे घर के आंगन में खेल रहा था। उसकी दो बहनें पांच और तीन वर्ष की हैं। घटना के समय माता-पिता घर के पास खेत में धान की रोपाई कर रहे थे। दोनों बहनें घर में थीं। खेलते समय रुद्रांशु पानी से भरी बाल्टी में मुंह के बल गिर गया।
बहनों ने उसे बाल्टी में गिरा देखा तो रोने-चिल्लाने लगीं। आवाज सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे और बाल्टी से बच्चे को बाहर निकाला। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। परिजनों ने सोमवार सुबह घटना की सूचना रामपुर बरकोनियां पुलिस को दी। थानाध्यक्ष राम सिंहासन शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।