सोनभद्र। सोमवार को 154 लोगों की जांच रिपोर्ट आई। सभी निगेटिव मिले। इस बीच चिकित्सकों की टीमें सैंपल लेने में भी जुटीं रहीं। सोमवार को 139 लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए। उधर, राबर्ट्सगंज तहसील में तैनात तीन लेखपालों की रिपोर्ट कोरोना पाजिटिव आने के बाद संपर्क में अधिकारियों व कर्मचारियों में खलबली मची हुई है। संक्रमित लेखपालों के परिवार वालों के अलावा कुछ अधिकारियों व कर्मचारियों ने भी जांच के लिए सैंपल दिया है। चिकित्सकों के पास सैंपल देने एडीएम भी पहुंचे। उनका सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिया गया।
उधर, हाटस्पाट वाले क्षेत्रों में पुलिस का पहरा सोमवार को भी रहा। इन क्षेत्रों में आवाजाही पर प्रतिबंध के बाद लोगों को जरूरत के सामान घरों में ही उपलब्ध कराए जा रहे हैं। अधिकारी लोगों से घरों में रहने की अपील भी कर रहे हैं। उधर, तहसील में सोशल डिस्टेंस मेंटेन कर कामकाज हुए। इस बीच राबर्ट्सगंज तहसील क्षेत्र के विकास नगर कालोनी निवासी लेखपाल की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने के बाद सोमवार को उनके परिवार के सदस्यों के भी सैंपल लिए गए। हालांकि उस घर में रह रहे अन्य किराएदारों की जांच नहीं हुई। तहसील के पीछे विकास नगर में सदर एसडीएम यमुना धर चौहान ने नायब तहसीलदार ने अपनी देखरेख में नगर पालिका व फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों को लेकर मोहल्ले को सैनिटाइज कराया। अधिकारियों ने लोगों से अपने घरों में ही रहने की अपील की। साथ ही यह भी कहा कि जरूरी सामान की आवश्यकता पड़ने पर संबंधित दुकानदार को फोन कर होम डिलेवरी कराई जाएगी। कोतवाली पुलिस भीबैरिकेडिंग पर तैनात रही।
उधर, मुख्य चिकित्साधिकारी डा.एसके उपाध्याय का कहना है कि चिकित्सकों की टीमें गैर प्रांतों व जनपदों से आने वालों के अलावा संक्रमित मिले लोगों के संपर्क में आने वालों को चिह्नित कर सैंपल लेने में पूरे दिन जुटी रहीं। सोमवार को 139 लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए जबकि 154 लोगों की रिपोर्ट भी आई। सभी निगेटिव मिले। अब तक कुल 3127 लोगों के सैंपल लिए जा चुके हैं। इनमें से 2628 की रिपोर्ट आई है। जिसमें 29 पाजिटिव और 2599 निगेटिव मिले हैं। पाजिटिव मिले लोगों में से नौ ठीक होकर अपने घर लौट चुके हैं। अन्य 20 में से 15 का मधुपुर स्थित कोविड केयर सेंटर और पांच लोगों का इलाज मिर्जापुर में चल रहा है।