सोनभद्र। लोकसभा चुनाव में व्यवधान उत्पन्न करने वालों पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। चुनाव में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के मद्देनजर पुलिस ने आपराधिक प्रवृत्ति के 1275 लोगों को करीब 13 करोड़ से पाबंद किया गया है। ऐसे लोगों के गतिविधियों पर नजर रखने के लिए थानेवार टीमें भी गठित कर दी गई हैं।
भारत निर्वाचन आयोग की ओर से लोकसभा चुनाव की तिथि जल्द तय होने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने चुनाव में व्यवधान उत्पन्न करने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। एसपी किरीट राठोड ने सभी थाना प्रभारियों को सक्रिय अपराधियों को पाबंद करने का निर्देश दिया है। इसकी मॉनिटरिंग करने की जिम्मेदारी सभी सर्किल आफिसरों को सौंपी गई है। पुलिस के चुनाव कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार तक राबर्ट्सगंज, करमा, घोरावल, शाहगंज, पन्नूगंज, मांची, रायपुर, रामपुर बरकोनिया, चोपन, जुगैल, ओबरा, हाथीनाला, कोन, विण्ढमगंज, दुद्धी, म्योरपुर, बीजपुर, बभनी, पिपरी, अनपरा, शक्तिनगर थाना क्षेत्र के सक्रिय 1275 हत्या, लूट, नक्सली घटनाओं समेत अन्य संगीन आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने वाले अपराधियों को एक-एक लाख से पाबंद किया गया है। इनमें से कई आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को दो से पांच लाख तक रुपये से पाबंद हुए हैं। आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों से भरवाए गए बांड की रकम करीब 13 करोड़ है। पुलिस अधीक्षक किरीट राठोड ने कहा कि सक्रिय आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को पाबंद करने की कार्रवाई जारी है। चुनाव के दौरान पाबंद हुए व्यक्ति अगर विवाद करते है तो उनसे भरवाए गए बांड की धनराशि वसूली करने के साथ ही उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।