सोनभद्र। मधुरिमा साहित्य गोष्ठी रावटर्सगंज की तरफ से 56वां अखिल भारतीय कवि सम्मेलन तीन जनवरी को आरटीएस क्लब में आयोजित होगा। रात नौ बजे से सजने वाली महफिल में अतर्राष्ट्रीय मंचों पर ख्याति प्राप्त गीतकार, गजलकार और हास्य-व्यंग्य के कवियों की मौजूदगी देखने को मिलेगी। साहित्य गोष्ठी के निदेशक अजयशेखर ने बताया कि कई अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर अपने फन का जादू बिखेर चुके लखनऊ के डा. सुरेश, रायपुर, छत्तीसगढ़ के रमेश विसहार, प्रख्यात कवि शंकर कैमूरी पटना, व्यंग्यकार बिहारीलाल प्रयागराज, राधेश्याम भारती प्रयागराज, नरसिंह साहसी, प्रखर जौनपुरी, सिद्ध हस्त गजलकार साहित्य भूषण यमुना उपाध्याय फैजाबाद, गजलकार अहमद आजमी आजमगढ़, राष्ट्रीय कवि कमलेश राजहंस, प्रख्यात कवियत्री पूनम श्रीवास्तव, विभा सिंह वाराणसी, मंचों के विशिष्ट कवि सलीम शिवालवी, डा. सरोज वाराणसी, लब्धप्रतिष्ठित कवि मनमोहन देवरिया, गीतकार शैलेष मधु प्रयागराज, डा. शिव गुरुदेव झांसी समेत कई नामचीन कवियों ने आयोजन में शिरकत के लिए स्वीकृति दे दी है। जिले के भी कई पुराने और नवोदित कवि आयोजन में शिरकत करेंगे। बताते चलें कि जिले में यह पहला ऐसा कवि सम्मेलन है, जिसका लगातार 56सालों से आयोजन किया जा रहा है।