बीजपुर। एनटीपीसी रिहंद प्लांट परिसर स्थित सेवा भवन के लॉन में नव वर्ष का अभिनंदन केक काटकर किया गया। मुख्य अतिथि मुख्य महाप्रबंधक ए के मुखर्जी ने कर्मचारियों एवं अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्ष 2018 हमारे रिहंद प्रोजेक्ट के लिए उपलब्धियों भरा रहा। अप्रैल से 31 दिसंबर तक 9 माह के दौरान 85.07: पीएलएफ पर हुए 16.852 मिलियन यूनिट विद्युत उत्पादन हेतु सभी को बधाई देते हुए उन्होने रिहंद की पुरानी यूनिटों के 500 मेगावाट फुल लोड पर जेनरेशन को कर्मचारियों के मेहनत एवं लगन का फल बताया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के बल पर ही रिहंद को वर्ष 2017-18 के प्रोडक्शन, परफार्मेंस इंप्रूवमेंट तथा ओवर आल चैंपियन सहित कुल तीन प्रथम स्वर्ण शक्ति अवार्ड प्राप्त हुए। सोनभद्र पर बनी लघु फिल्म सोन वैभव एवं टिस्सू कल्चर पर बेस्ट अवेयरनेस हेतु प्रतिष्ठित पीआरएस आई नेशनल अवार्ड तथा स्ट्रेस मैनेजमेंट अवार्ड हेतु कर्मचारियों को पुन: बधाई दी। क्वालिटी सर्किल की नेशनल स्तर पर एक टीम को मिले पार एक्सीलेंस तथा 2 टीमों के एक्सीलेंस सहित चैप्टर लेवल पर 8 टीमों के गोल्ड तथा एक टीम के सिल्वर अवार्ड मिलने पर भी खुशी जाहिर की। उन्होंने बताया कि ऐश ब्रिक मैन्यू फैक्चरर्स के लिए वाराणसी में शीघ्र ही ऐश डिपो खोला जाएगा। इस अवसर पर महाप्रबंधक अनुरक्षण जी सी चौकसे, महाप्रबंधक ईंधन प्रबंधन एम रमेश हरे राम सिंह, अनित कुमार, पीआरओ मिथिलेश कुमार श्रीवास्तव आदि मौजूद थे। नव वर्ष की पूर्व संध्या पर त्रिवेणी क्लब एवं कर्मचारी कल्याण केंद्र में सांस्कृतिक संध्या एवं आर्केस्ट्रा का आयोजन किया गया जिसका कर्मचारियों एवं अधिकारियों ने सपरिवार लुत्फ उठाया।