रामगढ़। चतरा ब्लॉक के पटना गांव में सोमवार को रोजगार सेवक ने सफाईकर्मी पवन कुमार की पिटाई कर दी। सफाईकर्मी शौचालय का फोटो लेने के लिए गया था। पुलिस ने घायल की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने समेत अन्य धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। वहीं बीडीओ ने रोजगार सेवक की सेवा समाप्त करने के लिए उच्चाधिकारियों को पत्र भेजा है। पुलिस के मुताबिक पटना गांव में सफाईकर्मी पवन कुमार मोबाइल से शौचालयों का फोटो खींच रहा था। उसी वक्त किसी बात को लेकर रोजगार सेवक धीरेन्द्र कुमार और सफाईकर्मी के बीच विवाद शुरू हो गया। रोजगार सेवक ने सफाईकर्मी को पीटने लगा। ग्रामीणों ने बीच बचाव कर विवाद को शांत कराया। रामपुर बरकोनिया थाने में घायल कर्मी की तहरीर पर रोजगार सेवक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत हुआ। खंड़ विकास अधिकारी गया प्रसाद सिंह ने बताया कि रोजगार सेवक को पद से मुक्त करने की संस्तुति सहित पत्र उच्चाधिकारियों को भेज दिया गया है। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी ज्ञान प्रकाश राय का कहना है कि आरोपी की खोजबीन की जा रही है।