म्योरपुर। शौचालय के कार्य में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिस गांव में शौचालय निर्माणाधीन हैं, पूरी लगन के साथ गुणवत्तायुक्त शौचालय बनवाने का कार्य जल्द पूर्ण हो। यह बातें जिला पंचायत राज अधिकारी आरके भारती ने म्योरपुर ब्लाक सभागार में स्वच्छ भारत अभियान की समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि निर्माणाधीन शौचालयों की 15 सितंबर तक एमआईएस फीडिंग हरहाल में कर दी जाए। उन्होंने कहा कि दो अक्टूबर तक ब्लॉक को ओडीएफ कर लेना है। इसमें सभी की सहभागिता जरूरी है। जो भी कर्मचारी अथवा प्रधान लापरवाही करेगा उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि सभी शौचालयों का सत्यापन भी कराया जाएगा। अपूर्ण या अधूरा शौचालय मिलने पर वसूली की कार्रवाई के साथ ही एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि लोगों को शौचालय के उपयोग के लिए भी प्रेरित करते रहे। जिससे उनकी उपयोगिता सिद्ध हो सके। एडीओ पंचायत रविदत्त मिश्रा ने कहा कि शौचालय गुणवत्तापूर्ण बने इसका हरहाल में ख्याल रखें। शासन की गाइडलाइन के हिसाब से ही शौचालयों का निर्माण हो। इससे हटकर शौचालय निर्माण कराया जाना गलत होगा। बैठक में अनिल केसरी, सत्यप्रकाश दीक्षित, आशा यादव, सुषमा तिवारी, शैलेंद्र सिंह, राजबहादुर आदि रहे।