अनपरा । शक्तिनगर व बीजपुर थाना क्षेत्रों में दो सड़क हादसों में सात लोग घायल हो गए। बीजपुर के सेवका मोड़ के समीप मंगलवार की सुबह स्कार्पियो के अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त होने से छह लोग घायल हुए है जबकि शक्तिनगर के खड़िया बाजार में ट्रेलर के चपेट में आने से बाइक सवार युवक घायल हुआ है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने वाराणसी-शक्तिनगर राजमार्ग को जाम कर नारेबाजी भी की।
शक्तिनगर: स्थानीय थाना अंतर्गत वाराणसी-शक्तिनगर मुख्य मार्ग पर हाइवा की चपेट में आने से बाइक सवार राजा परसवार (भैरवां) गांव निवासी अवनीश पांडेय (27) पुत्र शैलेंद्र पांडेय गंभीर रूप से घायल हो गया । घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने उसे तत्काल पास के निजी अस्पताल इलाज के लिए पहुंचाया। इस घटना की जानकारी ग्रामीणों को जैसे ही लगी, वे घटना स्थल पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने शक्तिनगर-वाराणसी मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया और मामले से स्थानीय पुलिस को अवगत कराया। पुलिस के पहुंचने पर जाम करने वालों ने मुआवजे की मांग की। पुलिस के समझाने व आश्वासन पर करीब दो घंटे बाद जाम हटा।
बीजपुर: स्थानीय थाना क्षेत्र के सेवका मोड़ के समीप मंगलवार की सुबह एक स्कार्पियो अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में छह बराती घायल हुए है। बतातें है कि बीजपुर से सोमवार को एक बारात छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर गई थी। बारात के वापसी में सेवकामोड के समीप चालक को झपकी आने के दौरान स्कार्पियो अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी और पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में रमून सोनी (20), संजय (22) व पिंकी को चोट लगी। दुर्घटना के पश्चात गम्भीर रूप से घायल रमून सोनी को म्योरपुर सीएचसी में प्राथमिक इलाज के पश्चात अंयत्र रेफर कर दिया गया । इस हादसे में पीछे बैठे तीन अन्य बारातियों को मामूली चोट लगी है।