शाहगंज। क्षेत्र के किसानों की बैठक गुरुवार को सिद्धी गांव में हुई। इसमें बीमा कंपनियों पर सूखाग्रस्त किसानों को क्षतिपूर्ति देने में हीलाहवाली करने का आरोप लगाया गया। फसल बीमा के भुगतान के लिए आंदोलन करने का निर्णय लिया गया। प्रथम चरण में डीएम से मिलकर पूरे मामले की शिकायत करने का फैसला हुआ।
किसान विनोद पांडेय, जन जागरण अभियान चला रहे लालजी तिवारी, गजेंद्र सिंह ने कहा कि इस मुद्दे को लेकर किसानों का प्रतिनिधिमंडल जल्दी ही डीएम से मिलेगा और किसानों की समस्याओं से अवगत कराया जाएगा। इस दौरान महुआंव, नौडीहां, अठौना, सिद्धी, जमगाई के किसानों ने अपनी समस्याओं को उठाया। वीके पांडेय ने फसल बीमा के भुगतान के लिए आंदोलन करने की बात कही। कहा, किसान एकजुट होकर आरपार की लड़ाई लड़ने के लिए तैयार रहें। डीएम से मिलने के बाद एसडीएम घोरावल के जरिए मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन भेजने का भी निर्णय लिया गया। बैठक में नीरज पांडेय, दिनेश श्रीवास्तव, प्रदीप पांडेय समेत अन्य किसान मौजूद रहे।