शाहगंज थाना क्षेत्र के सिलहटा गांव में रविवार की रात चोरों ने एक मकान में घुसकर नकदी समेत हजारों रुपए के जेवरात चुरा लिए। मकान से साढ़े तीन सौ मीटर की दूरी पर खेत में तीन बाक्स, सूटकेस और कपड़े फेंके मिले। जानकारी होने पर पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया।
देर रात लल्लन मिश्रा और उनकी पत्नी भोजन करने के बाद बरामदे में सो गई। इसी बीच चोर मकान के छत पर चढ़कर सीढ़ी के रास्ते अंदर घुसे और बरामदे के दरवाजे की कुंडी अंदर से बंद कर दी। लाइट बुझाकर चोर जेवर, नकदी और कपड़ों से भरे तीन बक्से, एक सूटकेस खेत में ले गए। यहां चोरों ने बक्सों व सूटकेस का ताला तोड़ कर उसमें रखे नकदी व जेवर निकाल लिए। उधर, सुबह लल्लन मिश्रा घर के अंदर जाने के लिए दरवाजा खोलने लगे तो वहा अंदर से बंद मिला। किसी तरह दरवाजा खोलकर अदंर गए तो देखा सामान बिखरा पड़ा है। इसी बीच आसपास के लोगों को खेत में सूटकेस और खाली बक्सा मिला। लल्लन के मुताबिक चोर 60 हजार की नकदी और हजारों के सोने चांदी के आभूषण चुरा ले गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।