सोनभद्र। ग्राम स्वराज योजना के तहत चयनित चोपन ब्लॉक के रामगढ़ गांव में गुरुवार की रात सदर विधायक भूपेश चौबे ने जन चौपाल लगाई। इस दौरान ग्रामीणों ने सड़क, बिजली, पानी, शुद्ध पेयजल संबंधी कई शिकायतें की। विधायक ने सभी के निस्तारण का भरोसा दिया। ग्रामीणों ने शिकायत की कि गांव में बिजली के खंभे तमाम जगहों पर नहीं हैं। तार भी जर्जर हैं। इससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। तमाम लोगों ने भीषण गर्मी में पानी के संकट का मामला उठाया। कुछ ग्रामीणों ने कोन अस्पताल में डॉक्टर और स्टाफ के न होने की समस्या भी उठाईं। विधायक ने चौपाल में आई समस्याओं के निस्तारण के लिए प्रार्थना पत्रों को विभागवार वितरित कर दिया। नोडल अधिकारी वीरेंद्र प्रताप को कहा कि इस गांव में घर के हिसाब से शौचालय नही बने हैं। ग्राम प्रधान व सेक्रेटरी घर- घर जाकर शौचालय का निर्माण कराएं। शुक्रवार की सुबह विधायक ने रामगढ़ बाजार, स्कूल व मंदिर में झाड़ू लगा कर स्वच्छता का संदेश दिया। रामनरेश के घर पर शौचालय निर्माण की शुरूआत फावड़ा चलाकर की। यहां एडीओ पचंायत श्रीकांत द्रवे, शशांक शेखर मिश्रा, विजय, विनय, रामऔतार, गोपाल प्रसाद, विनोद, अरुण मौजूद रहे।