सोनभद्र। कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को डीएम प्रमोद कुमार उपाध्याय ने विकास कार्यक्रमों की समीक्षा की। कहा कि निर्धारित समयसीमा के भीतर योजनाओं को पूर्ण न करने वाली कार्यदायी संस्थाओं के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने सीडीओ को लापरवाही करने वाली कार्यदायी संस्थाओं एवं विभागों को चिन्हित कर कार्रवाई करने को कहा। विद्युतीकरण, सरकारी भवनों, अस्पतालों के निर्माण पर विशेष ध्यान देते हुए लक्षित योजनाओं के समय से पूरा करते हुए राज्य एवरेज को हरहाल में प्राप्त करने पर जोर दिया। कहा कि अभियान चलाकर जिले के ग्राम पंचायतों को खुले में शौचमुक्त, ओडीएफ कराने के लिए कार्य में तेजी लाएं । पंचायत विभाग अन्य विभागों से सहयोग लेते हुए ग्राम पंचायतों को ओडीएफ कराएं। जन जागरूकता के लिए पांच अगस्त को प्राथमिक स्कूलों, उच्च प्राथमिक स्कूलों, हाईस्कूल एवं इंटर कालेजों के बच्चे एवं बच्चियों द्वारा ओडीएफ जागरूकता रैली को जनांदोलन का रूप दिया जाएगा। जागरूकता रैली के मौके पर स्कूली बच्चों द्वारा वाद-विवाद प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा। बैठक में पीडी एनएन मिश्रा, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी हरिशंकर गुप्ता, डीपीआरओ एसपी ंसिंह, बीएसए डॉ गोरखनाथ पटेल आदि मौजूद रहे।