घोरावल। तहसीलदार विकास पांडेय एवं अधिशासी अधिकारी चैतन्य कुमार तिवारी ने सोमवार को घोरावल नगर की दुकानों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने दुकानदारों को रोस्टर, लॉक डाउन और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए दुकानों को खोलने का आदेश दिया। तीन दुकानदारों से 1300 जुर्माना वसूला गया।
अधिशासी अधिकारी चैतन्य कुमार तिवारी ने बताया निरीक्षण के दौरान 20 दुकानों की जांच की गई। जांच के दौरान तीन दुकानों पर हांथ धोने के लिए पानी, साबुन या सेनेटाइजर की व्यवस्था नही पाया गया। उक्त दुकानदारों से 1300 रुपए जुर्माना वसूला गया। तहसीलदार विकास पांडेय ने बताया कि कोरोना संकट के संक्रमण की गंभीरता को देखते हुए नगर एवं ग्रामीण इलाकों के सभी दुकानदारों के लिए यह अनिवार्य है कि वे अपनी दुकानों के बाहर साबुन व पानी या सेनेटाइजर जरूर रखें और दुकान में जाने से पहले ग्राहकों का हांथ धुलवाएं। दुकानदार, कर्मचारी व ग्राहक मास्क का इस्तेमाल करें। दुकान में अधिकतम 5 ग्राहक हों और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया जाए। इसके साथ ही रोस्टर के अनुसार दुकानों को खोला जाए।जो भी दुकानदार नियमों के विरुद्ध काम करेगा उसके खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी।