सोनभद्र। जिला निर्वाचन अधिकारी अंकित कुमार अग्रवाल ने कहा कि लोकसभा चुनाव में जिले का मतदान 76 प्रतिशत तक ले जाने पर अधिकारियों, कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। इसमें सर्वाधिक मतदान प्रतिशत वाली तहसील के एसडीएम, तहसीलदार, रजिस्ट्रार कानूनगों, डाटा इंट्री आपरेटर शामिल होंगे। ऐसे ही सर्वाधिक मतदान प्रतिशत वाले ब्लॉक के बीडीओ, जोन के जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, मतदेय स्थल के बीएलओ शामिल होंगे। प्रत्येक तहसील के तीन-तीन बीएलओ सम्मानित किये जाएंगे।
इसी तरह सुपरवाइजर, पोलिंग पार्टी के पीठासीन, मतदान अधिकारी, ईएलसी प्रति विधानसभा तीन-तीन के नोडल अधिकारी स्वीप की संस्तुति के आधार पर दिया जाएगा। डीएम ने कहा कि मतदान प्रतिशत बढ़ाने एवं मतदाता सूची को शुद्वतम बनाने के लिए मृतक, डुप्लीकेट, शिफ्टेड मतदाताओं का विलोपन अनिवार्य होता है। सभी बीएलओ से विलोपन सूची प्राप्त कर नियमानुसार श्रेणी के सभी मतदाता नामांकन पूर्व अनिवार्य रूप से विलोपित करने की कार्रवाई करें। प्रभारी अधिकारी डाक मतपत्र अधिकारियों, कर्मचारियों का मतदान सुनिश्चित करें।
मतदान प्रतिशत बढ़ाने में मतदाताओं के मध्य जागरूकता फैलाने के लिए जिला पंचायत राज अधिकारी, नोडल अधिकारी स्वीप अब से मतदान पूर्व तक विविध सांस्कृतिक गतिविधियों के जरिए कार्यक्रमों के आयोजन की शृंखला बनाए रखेंगे। अधिकारी भ्रमण के दौरान मतदान के लिए लोगों को प्रेरित करते रहे। साथ ही अधिक से अधिक मताधिकार का प्रयोग करने की शपथ दिलाएं।