दुद्धी (सोनभद्र)। भाऊराव देवरस पीजी कालेज में सोमवार को बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा परीक्षा देने से पूर्व अचेत हो गई। कालेज प्रशासन ने उसको सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद वह फिर परीक्षा देने पहुंची। सीमा पुत्री अनमोल राम निवासी कोन द्वितीय पाली की परीक्षा शुरू होने से आधे घंटे पूर्व डेढ़ बजे बेहोश होकर गिर गयी। कालेज के डा. अजय कुमार, डॉ. विवेकानंद, डॉ. आरजू सिंह व छात्रसंघ अध्यक्ष परमजीत सिंह ने मिलकर फौरन छात्रा को इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया, जहां इंजेक्शन और ड्रिप लगाने के बाद उसके हालत में सुधार आया। बताया जाता है कि छात्रा कालेज कैंपस में पहुंची, तभी अचानक उसके सिर में दर्द उठा। उसने अध्यापकों को इसकी जानकारी भी दी। पूछा कि क्या उसके स्थान पर कोई दूसरा परीक्षा दे सकता है। तब प्राध्यापकों ने बताया कि ऐसा नहीं हो सकता। इस पर छात्रा कालेज के प्रवेश द्वार पर मां सरस्वती के प्रतिमा के पास बेहोश होकर गिर पड़ी। उधर चिकित्सक शाह आलम ने बताया कि छात्रा को परीक्षा को लेकर हाइपर स्ट्रेस हो गया था। अभी उसकी हालत ठीक है। परीक्षा प्रभारी डॉ. रामसेवक सिंह ने बताया कि छात्रा इलाज के बाद ठीक है और परीक्षा भी दी है।