म्योरपुर। थाने के समीप सोमवार को मुर्धवा-बीजपुर मार्ग पर अनियंत्रित एक स्कार्पियो की टक्कर से अदावत (70) की मौत हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी दुद्धी ले गई। पुलिस ने दुर्घटना के बाद भाग रहे चालक को स्कार्पियो के साथ पकड़ लिया।
म्योरपुर थाना क्षेत्र में मुर्धवा-बीजपुर मार्ग पर थाने के समीप स्कार्पियो की टक्कर से अदावत (70) पुत्र बुद्धन निवासी लौबंद गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों की मदद से पुलिस घायल को म्योरपुर सीएचसी ले गई। यहां उपचार शुरू होने से पूर्व ही वृद्ध की मौत हो गई। मृत पति के पास बिलख रही पत्नी कबाली ने बताया कि वह अपने पति के साथ म्योरपुर स्थित एक बैंक से पैसा निकालने गई थी। शिवरात्रि की वजह से बैंक बंद था, इसलिए बगैर रुपये निकाले वह अपने पति के साथ वापस जा रही थी। थाने के समीप बभनी की तरफ तेज रफ्तार से आ रही स्कार्पियो उसके पति को टक्कर मारते हुए निकल गई। पुलिस के मुताबिक दुद्धी के समीप धक्का मारने वाली स्कार्पियो को पकड़ लिया गया है। मृतक के घरवाले जो तहरीर देंगे उसके आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। समाचार लिखे जाने तक शव का पोस्टमार्टम नहीं हुआ था।