सोनभद्र। राबर्ट्सगंज नगर से सटे बढ़ौली गांव में स्थित जल निगम कार्यालय के सामने डिप्लोमा इंजीनियर संघ के बैनर तले इंजीनियरों ने दूसरे दिन शनिवार को प्रदर्शन किया। चेतावनी देते हुए कहा कि अविलंब मांगों को पूर्ण नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में वृहद आंदोलन करेंगे।
वक्ताओं ने कहा कि वर्ष 2017 में जल निगम में भर्ती हुए जूनियर इंजीनियर की परिवीक्षा अवधि दो वर्ष की जगह तीन वर्ष किया जाना अत्यंत निंदनीय एवं सेवा नियमावली के विपरित है। इसको लेकर सभी विभागों के जूनियर इंजीनियरों में नाराजगी है। आदेश को वापस नहीं लिया गया तो आने वाले दिनों में आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी। इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन स्तर पर जल निगम के उच्चधिकारियों की होगी। उन्होंने अपनी समस्याओं की ओर सीएम का ध्यान आकृष्ट कराते हुए अविलंब दूर कराने की मांग की है। यहां जिलाध्यक्ष इं. जर्नादन यादव, इं. अनिल कुमार, इं. दीप चंद्र गुप्ता, इं. सुजीत कुमार, इं. धीरज शुक्ला, इं. घनश्याम शर्मा, इं. मंगल राम आदि मौजूद रहे।