सिंगरौली। एनसीएल सीएसआर के तहत सिंगरौली क्षेत्र के समावेशी विकास में अपना सहयोग देते हुए मुड़वानी डैम पर इको पार्क बनाने और नगर निगम क्षेत्र के दो लाख लोगों के लिए स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था करने में सहयोग करेगी। सोमवार को कंपनी और नगर निगम सिंगरौली के बीच इसके लिए समझौता हुआ। इसके तहत दोनों कार्यों के लिए एनसीएल 8.68 करोड़ रुपए खर्च करेगी। समझौते के तहत एनसीएल चार करोड़ रुपए की मदद से मुड़वानी डैम पर इको पार्क विकसित करने में सहयोग करेगी। इस पार्क में हरे भरे उद्यान, रंग बिरंगे म्यूजिकल फाउंटेन, बच्चों के लिए झूले, जेट्टी और नाव की व्यवस्था होगी। साथ ही पार्क के चारों ओर पाथवे, सुरक्षा के लिए चहारदीवारी और गार्ड रूम का निर्माण कराया जाएगा। यहां आने वाले पर्यटकों के लिए पार्किंग, कैफै इत्यादि की सुविधा भी उपलब्ध होगी। इसके अलावा नगर निगम की स्वच्छ पेयजल योजना को मूर्त रूप देने के लिए एनसीएल 4.68 करोड़ रुपए का सहयोग देगी। एनसीएल के महाप्रबंधक जयंत चंचल गोस्वामी और नगर निगम के कार्यपालन यंत्री वीबी उपाध्याय ने समझौता पत्र पर हस्ताक्षर किये। इस मौके पर जयंत कोयला क्षेत्र के सभी विभागाध्यक्ष, स्टाफ अधिकारी कार्मिक प्रियरंजन कुमार, स्टाफ अधिकारी सिविल यूएन झा, एनसीएल मुख्यालय से वरीय प्रबंधक कार्मिक/सीएसआर मोहम्मद परवेज, वरीय प्रबंधक सिविल/सीएसआर एके बंसल आदि मौजूद थे।