सोनभद्र। कलेक्ट्रेट के मीटिंग हाल में सोमवार को कौमी एकता सप्ताह मनाया गया। इसमें आपसी सौहार्द और भाईचारा कायम रखने पर जोर दिया गया। डीएम अमित कुमार सिंह ने मौजूद लोगों को राष्ट्रीय अखंडता की शपथ भी दिलाई। यहां गोष्ठी भी हुई जिसमें एकता और भाईचारे की भावना को कायम रखने पर चर्चा की गई।
डीएम ने कहा कि पूरी दुनिया में भारत की पहचान मानवीय मूल्यों के आधार पर है, जिसे बचाये रखना देश के सभी लोगों का दायित्व है। राष्ट्र से ही हम सभी हैं और हम सभी से राष्ट्र है। राष्ट्रीय एकीकरण को बढ़ावा देना, हम सभी का कर्तब्य है। अनेकता में एकता ही भारत की पहचान है। परोपकार की भावना से अपने दायित्वों को निभाये तभी कौमी एकता सप्ताह की सार्थकता सिद्ध होगी। कौम, मजहब और धर्म एक दूसरे के पूरक हैं। हर धर्म व मजहब आपसी सौहार्द का पैगाम देता है। देश को काफी कुर्बानियों, बलिदानों के बाद आजादी मिली है। देश की आजादी को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए राष्ट्रीय एकता काफी अहम है। उन्होंने कहा कि कौमी एकता सप्ताह सोमवार से 25 नवंबर तक मनाया जा रहा है। इसमें सही रूप से सार्थकता सिद्ध करने के लिए मानवीय मूल्यों को बनाकर रखना सही मायने में राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। इस मौके पर जिला युवा कल्याण अधिकारी एनबी सिंह, ओम प्रकाश त्रिपाठी, रमेश देव पांडेय समेत अन्य मौजूद रहे।