अनपरा। ऊर्जा की राजधानी ऊर्जांचल में बुधवार को देवताओं के शिल्पकार भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमाओं का धूमधाम व गाजे-बाजे के साथ विसर्जन किया गया। बुधवार को अनपरा तापीय परियोजना, आवासीय परिसर, डिबुलगंज, काशी मोड़, लालटावर, अनपरा बाजार, औड़ी मोड़, ककरी समेत अन्य स्थानों पर स्थापित प्रतिमाओं का धूमधाम से विसर्जन किया गया। रोहिणी ट्रांसपोर्ट की भव्य प्रतिमा जहां आकर्षण का केंद्र रही वहीं देर रात श्रद्धालु डीजे की धून पर विसर्जन के लिए जाते दिखायी पड़े। सड़क जाम न हो इसके लिए अनपरा पुलिस मुस्तैद रहे। सकुशल विसर्जन के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली। इस दौरान टाटा मोटर्स में स्थापित प्रतिमा का विसर्जन से पूर्व संदीप यादव ने पूजन-अर्चन किया। रिहंद जलाशय में प्रतिमा का विसर्जन किया गया। विसर्जन के दौरान ट्रकों पर बैंड बाजा लगाकर लोग नाचते गाते विसर्जन में शामिल हुए। ऊर्जा की राजधानी होने के कारण ऊर्जांचल में विश्वकर्मा पूजनोत्सव का खासा महत्व है। यहां हर छोटा बड़ा व्यक्ति इस पूजा में शामिल होता है। लगभग तीन दर्जन से अधिक स्थानों पर मूर्ति की स्थापना की गयी थी।