दुद्धी। नगर में मंगलवार की रात अलम के जुलूस को लेकर उपजा विवाद बुधवार को दोनों समुदायों के लोगों के बीच बैठक कराकर सुलझा लिया गया। एएसपी आपरेशन अवधेश सिंह की मौजूदगी में हुई बैठक में तय हुआ कि किसी नई परंपरा की अनुमति नहीं दी जाएगी। जुलूस के दौरान अनावश्यक किसी करतब का भी प्रदर्शन नहीं किया जाएगा। उधर, एसपी किरीट राठौड ने दुद्धी पहुंचकर स्थिति की जानकारी ली और नगर में रूट मार्च कर लोगों को शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
मंगलवार की रात उपेंद्र कुमार की गली से होकर अलम का जुलुस निकलने पर कुछ लोगों ने आपत्ति जताई थी। इस पर अखाड़ा कमेटी के लोग जुलूस लेकर नहीं आए। जब यह बात कप्तान किरीट राठौड को पता चली तो उन्होंने एएसपी अवधेश सिंह को दुद्धी जाकर दोनों समुदायों के बीच बैठक कराकर समाधान निकालने का निर्देश दिया। इस क्रम में कोतवाली दुद्धी में दोनों समुदायों के लोगों के बीच बैठक कराई गई। तय हुआ कि नई परंपरा शुरू नहीं की जाएगी। त्यौहार ठीक वैसे ही मनाए जाएंगे। जैसा पूर्व में रजिस्टर में दर्ज है। एसपी राठौड ने कहा कि त्यौहार आपसी सौहार्द से मनाएं। अनावश्यक विवाद न उपजाएं। पुलिस पूरा सहयोग करेगी। अखाड़ा कमेटी के सदर तालिब शाह ने भी इस पर सहमति जताई। निर्णय लिया गया कि मिट्टी और केला काटने की रश्म अदायगी शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न होगी। कार्यक्रम के बाद साईं चौक से ताजियादार सीधे मार्ग उपेंद्र तिवारी की गली छोड़कर गंतव्य के लिए रवाना होगा। इस मौके पर एसडीएम रामचंद्र, सीओ सुनील कुमार विश्नोई, डॉ. राजकिशोर सिंह, दिनेश अग्रहरि, राजकुमार अग्रहरि, रामलोचन तिवारी, नंदलाल अग्रहरि, कन्हैया अग्रहरि, दिनेश आढ़ती, सुरेंद्र गुप्ता, आलोक अग्रहरि, गोरखनाथ, मुस्लिम समाज के सदर शमीम अंसारी, कल्लन खान, राफे खान, फतेह मुहम्मद खान, एकलीमुल्लाह खान, सोनू खान, शाहनवाज शाह आदि मौजूद रहे।