सोनभद्र। युवक मंगल दल कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को घोरावल ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय सरौली में पौधरोपण किया। यहां मुख्य अतिथि इलाहाबाद बैंक खैरपुर के मैनेजर चंदन कुमार ने पौधरोपण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि हर मानसून में कम से कम एक पौधा जरूर लगाएं। उससे भी महत्वपूर्ण उस पौधे का संरक्षण करना चाहिए, क्योंकि हर वर्ष लाखों पौधे लगाए जाते हैं लेकिन उसमें से हजारों पौधे भी नहीं बच पाते। इसलिए पौधे की सेवा अपने पुत्र के समान करनी चाहिए। पर्यावरण के संतुलन के लिए वृक्ष ही एक मात्र ऐसा उपाय है, जिससे इंसान अपने आने वाली पीढ़ी के जीवन को सुरक्षित कर सकता है। संगठन के जिलाध्यक्ष सौरभ कांत पति तिवारी व प्रधानाचार्य ममता मौर्या ने कहा कि इस गांव में इस तरह का आयोजन सराहनीय है। कहा, हर गांव के लोग इसी तरह से जागरूक होकर यदि जिम्मेदारी पूर्ण तरीके से पर्यावरण के संतुलन के लिए पौधरोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण का संकल्प ले तो निश्चय ही आने वाली पीढ़ी को हम जीने का सहारा छोड़ जाएंगे। घोरावल ब्लॉक के प्रभारी मनोज दीक्षित ने बताया कि संगठन आठों ब्लाकों में चार हजार पौधे लगाएगा। इस मौके पर जिला सचिव रोहित पाठक, सहायक अध्यापक सुरेश कुमार, अवधेश कुमार, चंदन, अवधेश, राकेश कुमार पांडेय, श्याम सुंदर मौर्या मौजूद रहे।