सोनभद्र। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मंगलवार को बेलन नदी के उदगम स्थल करद गांव से जल जन जागरण यात्रा का शुभारंभ हुआ। करद गांव से वैदिक मंत्रोचार के साथ सदर विधायक भूपेश चौबे की अगुवाई में यात्रा निकली जो रामगढ़ कस्बे में स्थित शहीद स्मारक स्थल पर पहुंच कर समाप्त हो गई। इसमें बेलन नदी को पुर्नजीर्वित करने के लिए लोगों का आह्वान किया गया।
जल जन जागरण यात्रा शुरू होने के पूर्व करद गांव में जिला पंचायत अध्यक्ष अमरेश पटेल, सांसद छोटेलाल खरवार, विधायक भूपेश चौबे, काशी प्रांत के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष रमेश मिश्रा ने पौधरोपड़ किया। वक्ताओं ने कहा कि बेलन नदी की सभ्यता लगभग 17000 वर्ष पुरानी है। ब्रह्माजी के मानस पुत्र गर्वन ऋषि ने इसी गांव में आकर तपस्या की और ब्रह्मा जी के आशीर्वाद से बेलन नदी की उत्पत्ति हुई। इसकी पुष्टि पुरातत्व विभाग द्वारा की जा चुकी है। जल जन जागरण यात्रा दोपहर 12 बजे प्रारंभ हुई और भटपुरवा हनुमान जी के मंदिर में दर्शन करते हुए आगे बढ़ी। रास्ते में जगह-जगह ग्रामीणों द्वारा यात्रा में शामिल लोगों के लिए पेयजल की व्यवस्था की गई थी। यात्रा में शामिल लोग पेड़ पौधे एक वरदान इसलिए इनका करो सम्मान और पानी सब का प्यास बुझाता किसान इससे फसल उगाता लिखे तख्ती लेकर चल रहे थे। दोपहर करीब दो बजे यात्रा रामगढ़ स्थित शहीद स्मारक पर पहुंच कर सभा में तब्दील हो गई। इसके पश्चात रामगढ़ के शहजादा उदय प्रताप सिंह इंटर कॉलेज के प्रांगण में पर्यावरण दिवस पर चर्चा की गई। संत समाज से वरुण देवजी महाराज, नागाजी महाराज, होरीलालजी, बाबा मनोरंजन दास त्यागी, जिपं सदस्य मनोज सोनकर, राम लखन सिंह, गोविंद यादव, अजीत चौबे, रवि प्रकाश चौबे, संतोष शुक्ला, भूपेंद्र सिंह सुनील सिंह, रमेश पटेल राजबहादुर सिंह, गोपाल मिश्रा आदि मौजूद रहे।