म्योरपुर। सूबे के मुख्य सचिव राजीव कुमार के कार्यक्रम को लेकर ब्लाक की कई ग्राम पंचायतों में तैयारी चल रही है। उनके आगमन को लेकर दो दिनों से चल रही तैयारी के क्रम में सभी कार्यों को फाइनल टच दिया जा रहा है। इसको लेकर बड़ी संख्या में रविवार को भी कर्मचारियों की तैनाती कर काम होता रहा। कार्यों की मानिटरिंग के मद्देनजर अधिकारी भी लगातार चक्कर मारते रहे।
मुख्य सचिव राजीव कुमार के म्योरपुर विकास खंड के किसी एक ग्राम पंचायत में चौपाल कार्यक्रम को देखते हुए रविवार होने के बावजूद तैयारी का क्रम जारी रहा। बड़ी संख्या में म्योरपुर ब्लॉक की राजासरई, कुलडुमरी व रनटोला ग्राम पंचायतों में साफ-सफाई व पेंटिंग समेत अन्य काम होते रहे। म्योरपुर की रनटोला के प्राथमिक विद्यालय मनरहवां टोला पर मूलभूत सुविधाओं को लेकर कसरत होती रही। शनिवार को बिजली विभाग ने विद्यालय के पीछे एक ट्रांसफार्मर लगवाया है। ग्रामीणों ने बताया कि ट्रांसफार्मर से विद्यालय के लिए आपूर्ति की जाएगी। इससे सटे हुए टोले में आजादी के बाद से अब तक अंधेरा छाया हुआ है। इससे लोगों में नाराजगी व्याप्त है। इसके अलावा बड़ी संख्या में सफाई कर्मियों की तैनाती कर रविवार को सफाई होती रही। विद्यालय के अध्यापकों द्वारा विद्यालय को रंग रोगन करने के साथ ही अभिलेख दुरुस्त किए गए। ग्राम पंचायत स्तर पर भी सारे कार्य पूर्ण कर शौचालय की पुताई होती रही। इसके साथ ही गाड़ियों के आने और उनके पार्किंग की व्यवस्था का भी व्यापक इंतजाम किया गया है। कार्यक्रम की तैयारी का जायजा लेने रविवार को यहां पहुंचे बीएसए ने आवश्यक निर्देश दिए और तैयारियों का हाल जाना। एनआरएचएम के तहत महिलाओं का शिविर भी विद्यालय पर चला। इसमे बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रही। ब्लाक क्षेत्र के सफाई कर्मी विद्यालय की सफाई में जुटे रहे। तैयारी के लिए रनटोला में दुद्धी के एडीओ पंचायत लालजी देव पांडें, जेई लघु सिंचाई रामजी सिंह, सेक्रेटरी राज बहादुर, ग्राम प्रधान दिनेश जायसवाल मौजूद रहे।