सोनभद्र। राबर्ट्सगंज रेलवे स्टेशन पर बन रहे प्लेटफार्म में घटिया सामग्री का प्रयोग होने का आरोप लगाते हुए मंगलवार को सपाजनों ने परिसर में प्रदर्शन किया। आरोप है कि भस्सी से शौचालय की जुड़ाई की जा रही है। सभी ने ठेकेदार के खिलाफ मुकदमा दर्जकर लाइसेंस निरस्त करने की मांग की।
जिला सचिव महफूज आलम खां ने कहा कि राबर्ट्सगंज रेलवे स्टेशन पर बन रहे प्लेटफार्म के निर्माण कार्य की जांच होनी चाहिए। भस्सी से शौचालय के जुड़ाई और घटिया किस्म का ईंट प्रयोग किया जा रहा है। नगर अध्यक्ष नीतिश पांडेय ने कहा कि जनता के साथ अन्याय हो रहा है। बावजूद इसके जिले के जनप्रतिनिधि और संबंधित अधिकारी मौन धारण किए हैं। निर्माण कार्य कराने के नाम सरकारी धन का बंदरबाट किया जा रहा है। लोहिया वाहिनी के प्रदेश सचिव मन्नू पांडेय व छात्र सभा के प्रदेश सचिव आनंद चौबे ने कहा कि जनता पस्त है, लेकिन जिले के अधिकारी व जनप्रतिनिधि लूट में मस्त है। जन प्रतिनिधियों का जनता की समस्याओं से कोई लेना देना नहीं है। अमीश पांडेय, नवीन पांडेय, चंदन चौबे, अनुपम तिवारी, कामरान खां, गोलू, हफिजुर्रहमान, अमित चौबे, रामकुमार, बबलू, सुशील, राजेश चौबे, बुल्लू, अंकित आदि मौजूद रहे।