सोनभद्र। सपा कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को राबर्ट्सगंज कचहरी तिराहे पर बिजली की दरों में हुई बढ़ोत्तरी पर ऊर्जा मंत्री का पुतला फूंका। बिजली दर की बढ़ोत्तरी वापस लिए जाने की मांग उठाई। ऐसा न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
जिला सचिव प्रमोद यादव ने कहा कि सरकार ने बिजली की दर में 12 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी कर दी है, लेकिन बिजली की किल्लत जस की तस बनी हुई है। यह बोझ जनमानस पर महंगाई के तौर पर लादा जा रहा है, जो जनता के उपर कुठाराघात है। कहा कि पहले से ही पेट्रोल, डीजल, खाद्य पदार्थ, बस किराया, रसोंई गैस के दाम बढ़ाकर आम जनमानस पर बोझ लादा गया है। चंदन केशरी, राजू गुप्ता ने कहा कि यह सरकार केवल महंगाई बढ़ाने का कार्य कर रही है, जिससे आम जनमानस का कोई भला नहीं होने वाला। अगर बढ़ोत्तरी पर पाबंदी नहीं लगी तो जनता महंगाई के बोझ से नहीं उबर पाएगी। कहा कि अगर शीघ्र बिजली दरों में हुई बढ़ोत्तरी को वापस नहीं लिया जाता तो आंदोलन किया जाएगा। पुतला दहन करने वालों में मुन्ना कुशवाहा, राकेश, मुमताज, दिनेश भारती, सुरेश अग्रहरि, रिषि राज, जय प्रकाश, दीपक, आलोक, दिलीप सोनी आदि शामिल रहे।