बभनी। थाना क्षेत्र के ठुरूक्की सेंदुर गांव में बुधवार की भोर में घरों में हाई वोल्टेज करेंट उतर जाने से शैलेष दुबे(30) की मौत हो गई जबकि भोला(25) झुलस गया। वहीं घरों का इलेक्ट्रानिक सामान जल गया।
ठुरूक्की गांव में बुधवार की सुबह लगभग चार बजे घरों में हाई वोल्टेज विद्युत करेंट घरों में उतर आया। शैलेष दुबे (30) कूलर के पास सो रहा था अचानक धुआं उठने लगा और उसकी नींद खुल गई। जैसे ही कूलर का स्वीच बंद करने गया वैसे ही करेंट की चपेट में आ गया। परिवार वालों को इसकी जानकारी हुई तो शैलेष को बीजपुर धनवंतरी चिकित्सालय ले गए। जहां चिकित्सकों ने शैलेष दुबे को मृत घोषित कर दिया। वहीं करंट लगने से भोला भी झुलस गया। घर वाले बीजपुर धनवंतरी चिकित्सालय में भोला का इलाज करा रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि घरों के जलते सामान को देख जब बिजली विभाग को सूचना दी गई तो फोन ही नहीं उठा। अगर फोन रिसीव हो गया होता और समय से लाइन काट दी गई होती तो यह घटना नहीं होती। गांव के राजेंद्र, जगदीश, भरत, रामू, लालू आदि के घरों में भी हाई वोल्टेज करेंट उतरने से टीवी, कुलर, फ्रीज, पंखा, बल्ब आदि इलेक्ट्रानिक सामान जल गया। वहीं बभनी म्योरपुर के जेई आर हरेश ने कहा कि लोगों के घरों में हाई वोल्टेज करंट किन परिस्थितियों में आया इसकी टेक्निकल जांच कराई जा रही है। जांच के बाद पीड़ितों को मुआवजा दिया जाएगा।