निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रथम चरण में होने वाले जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायत चुनाव के लिए शुक्रवार से नामांकन फार्म की बिक्री शुरू हो गई। कलेक्ट्रेट में सीडीओ/एआरओ महेंद्र सिंह की देखरेख में जिला पंचायत के लिए 121 फार्मों की बिक्री हुई। वहीं राबर्ट्सगंज ब्लाक में क्षेत्र पंचायत के लिए 377 और नगवां ब्लाक में 127 फार्म बिके। फार्म लेने के लिए उम्मीदवारों और समर्थकों की भीड़ लगी रही।
पूर्वाह्न 11 बजे से सांय चार बजे तक नामांकन फार्म की बिक्री हुई। सुबह करीब आठ बजे से चुनाव में भाग्य आजमा रहे उम्मीदवार फार्म खरीदने के लिए जुटने लगे थे। कलेक्ट्रेट में सीडीओ/एआरओ महेंद्र सिंह और डिप्टी कलेक्टर गिरिजा शंकर सिंह, राजेंद्र तिवारी की देखरेख में 121 फार्म बिका, वहीं राबर्ट्सगंज ब्लाक परिसर में मुख्य पशु चिकित्साधिकारी/आरओ एके श्रीवास्तव की देखरेख में 377 फार्मों की बिक्री की हुई। उधर नगवां ब्लाक में सिंचाई विभाग के एक्सईएन/आरओ कुंजबिहारी सिंह की मौजूदगी में 127 नामांकन फार्मों की बिक्री हुई। फार्म बिक्री के दौरान कलेक्ट्रेट और ब्लाक परिसर में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे। प्रवेश द्वार पर तैनात फोर्स अनावश्यक व्यक्ति को अंदर जाने से रोक दे रही थी। अपर जिलाधिकारी रामचंद्र ने बताया कि 28 और 29 सितंबर को उम्मीदार पर्चा दाखिल करेंगे। नामांकन के दिन भी इच्छुक उम्मीदार फार्म खरीद सकते है।