जिले के म्योरपुर और बभनी ब्लाक में तीसरे चरण के त्रिस्तरीय चुनाव के लिए मंगलवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई। जिला पंचायत के लिए कलेक्ट्रेट में नामांकन प्रक्रिया पूरी कराई गई। पहले दिन म्योरपुर और बभनी ब्लाक के आठ जिला पंचायत सदस्य के लिए 120 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल कर दावेदारी ठोंकी। इस दौरान सपा से पूर्व जिलाध्यक्ष एवं म्योरपुर ब्लाक प्रमुख संजय यादव ने कोटा (शक्तिनगर), बसपा से पूर्व जिलाध्यक्ष रामचंद्र रत्ना ने चुर्क, धनंजय तिवारी ने राजपुर, भाजपा से जिला उपाध्यक्ष अजीत सिंह कंग की पत्नी समेत कई बड़े चेहरों ने दावेदारी जताई। संजय के साथ समर्थकों का हुजूम आकर्षण का केंद्र बना रहा। वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग से कलेक्ट्रेट की तरफ वाहनों को ले जाने को लेकर पुलिस-नेताओं में नोकझोंक भी होती रही। पुलिस के कड़े तेवर ने कई नेताओं को पैदल ही जाने को विवश कर दिया। हालांकि एएसपी शंभूशरण यादव के हस्तक्षेप पर ओबरा विधायक सुनील सिंह यादव के वाहन को अंदर जाने दिया गया।
तृतीय चरण के तहत म्योरपुर और बभनी ब्लाक में होने वाले जिला पंचायत चुनाव के लिए कलेक्ट्रेट में प्रत्याशी और उनके समर्थकों के पहुंचने का सिलसिला सुबह आठ बजे से ही शुरू हो गया। हाईवे से कलेक्ट्रेट जाने वाले मार्ग पर एएसपी शंभूशरण यादव और सीओ सच्चिदानंद, कोतवाल केपी यादव, घोरावल कोतवाल रमाकांत पांडेय, पन्नूगंज एसओ अवध राज यादव सुरक्षाव्यवस्था में लगे रहे। दोपहर दो बजे के करीब प्रतिष्ठापरक जिला पंचायत सीट कोटा (शक्तिनगर) से दावेदारी ठोंक रहे सपा के कद्दावर और आगे चलकर जिला पंचायत अध्यक्ष के भी संभावित दावेदार माने जा रहे जिलाध्यक्ष संजय यादव के साथ समर्थकों का भारी हुजूम उमड़ा। हालांकि पुलिस ने आचार संहिता का हवाला देते हुए अधिकांश समर्थकों को प्रवेश गेट पर ही रोक दिया। इस मौके पर राजेश यादव, रामचंद्र यादव, चंद्रशेखर यादव, संदीप यादव आदि मौजूद रहे। यहां से भाजपा के अनिल सिंह गौतम, मुनीब गुप्ता ने भी नामांकन कर दावेदारी जताई। इसी तरह अनपरा सीट से माधुरी सिंह यादव पत्नी रामकिशुन सिंह यादव, कविता यादव पत्नी पप्पू यादव, भाजपा प्रत्याशी सुखवंत कौर पत्नी अजीत सिंह कंग, कुसुम मिश्रा पत्नी आशीष मिश्रा, आशु श्रीवास्तव पत्नी मनीष श्रीवास्तव, बसपा की ओर से तबस्सुम, कांग्रेस नेता भोला दुबे की पत्नी, गमगम की पत्नी ने नामांकन पत्र दाखिल किया। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष भूपेश चौबे, केसी जैन, देवेंद्र शास्त्री, धर्मवीर तिवारी, माला चौबे, जगदीश बैसवार, अनूप तिवारी आदि मौजूद रहे। इसी तरह कुलडोमरी सीट से मौजूदा जिला पंचायत सदस्य बालकेश्वर सिंह बांके, भाजपा की तरफ से अजयप्रकाश पांडेय ने नामांकन दाखिल किया।
जरहा जिपं क्षेत्र से सपा के दुद्धी विस अध्यक्ष केदार सिंह, सपा नेत्री रुक्साना खानम ने पर्चा दाखिल किया। किरविल क्षेत्र से भाजपा समर्थित सुषमा सिंह, म्योरपुर से रामदुलार, घघरी से जगपतिया ने नामांकन किया। इसी तरह बसपा की ओर से कुलडोमरी से बसंत खरवार, जरहा से रामविचार गौतम, घघरी से काजल देवी, बभनी से देवनारायण खरवार, म्योरपुर से श्रवण कुमार गोंड़ ने नामांकन पत्र दाखिल कर दावेदारी पेश की। कोटा (डाला) से राकेश उपाध्याय ने नामांकन पत्र दाखिल किया। इस मौके पर ओबरा विधायक सुनील यादव, मिर्जापुर जोन कोआर्डिनेटर बी सागर, पूर्व विधायक सत्य नारायण जैसल, अविनाश शुक्ला आदि मौजूद रहे।