करमा थाना क्षेत्र के तिलौली कला गांव में बृहस्पतिवार को पानी भरने के दौरान कुएं में गिरने से दुर्गावती (12) की मौत हो गई। घटना की जानकारी होने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पिता बंधुलाल कोल ने बताया कि उनकी पुत्री दुर्गावती बृहस्पतिवार सुबह नौ बजे घर के बगल में कुएं से पानी भरने गई थी जहां पैर फिसलने की वजह से कुएं में गिर गई। जब काफी देर तक वह घर नहीं पहुंची तो परिजन कुएं पर गए, जहां वह कुएं में गिरी थी। घटना की सूचना करमा थाना पर दिया गया तो मौके पर एसएसआई विनोद कुमार यादव हमराहियों के साथ पहुंचे। ग्रामीणों व परिजनों की मदद से बालिका को कुएं से बाहर निकाला गया और उपचार के लिए सीएचसी घोरावल लाया गया। चिकित्सक ने बालिका को मृत घोषित कर दिया।