सोनभद्र/केकराही। रॉबर्ट्सगंज नगर क्षेत्र में शुक्रवार को हुई झमाझम बारिश से लोगों को तेज गर्मी और उमस से राहत मिली। करीब आधे घंटे तक तेज बारिश हुई। आधे घंटे के भीतर 12 एमएम बारिश होने से मौसम सुहाना हो गया। मौसम विभाग ने अगले दो दिन तक बारिश की संभावना जताई है।
दोपहर में हुई बारिश से रॉबर्ट्सगंज नगर के धर्मशाला चौक, बाईपास रोड समेत कई हिस्सों में जलभराव हो गया। इसके चलते राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। हालांकि बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं, क्योंकि खेतों की जुताई और बोआई के लिए यह पानी फायदेमंद साबित होगा।
तेज हवा से बिजली गुल
केकराही क्षेत्र में दोपहर बाद तेज हवा के साथ हुई बारिश ने विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को भी प्रभावित किया। क्षेत्रीय विद्युत उपकेंद्र की 33 केवी लाइन ट्रिप कर गई, जिससे सभी फीडरों की आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई है। देर शाम तक विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी। उपभोक्ताओं ने पेयजल संकट की आशंका जताते हुए बिजली बहाली की मांग की है। क्षेत्रीय जेई कमलेश कुमार का कहना था कि मरम्मत कार्य चल रहा है। शीघ्र आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
कार पर गिरा पेट्रोल पंप का छज्जा, बाल-बाल बचे लोग
ओबरा। भारी बारिश के दौरान शुक्रवार की दोपहर चोपन रोड स्थित सुभाष पेट्रोल टंकी का छज्जा भरभराकर गिर गया। जिस समय छज्जा गिरा, वहां कार सवार गाड़ी में तेल डलवा रहा था और कई लोग बारिश से बचने के लिए छज्जे के नीचे खड़े थे। छज्जा सीधे कार के ऊपर आकर गिरा। इससे कार क्षतिग्रस्त हो गई। कार सवार और नीचे खड़े लोग बाल-बाल बच गए। पेट्रोल पंप कर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से मलबा हटाकर कार बाहर निकाली गई। उधर, बारिश से चोपन रोड, सेक्टर आठ, राजकुमारी नगर सहित नगर की कई सड़कों पर जलभराव हो गया।