विंढमगंज। दुद्धी ब्लॉक के ग्राम पंचायत केवाल में सोमवार को कुछ ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री आवास दिलाने के नाम पर सुविधा शुल्क लेने के बाद भी आवास नहीं दिलाया गया। इस संबंध में संबंधित उच्चाधिकारियों को शिकायती पत्र दिया गया। बावजूद इसके आवास नहीं मिला।
आवास न मिलने से नाराज प्रदर्शन कर रही शारदा देवी, रीता देवी, सरिता, चंदा, चिंता देवी, दुर्गावती देवी, किरण, लालती देवी, राधा ने कहा कि उन लोगों से आवास दिलवाने के नाम पर प्रत्येक से दस हजार लिए गए है। लेकिन न तो आवास मिला और न ही रुपये वापस किया जा रहा है। रुपये मांगने पर धमकी दी जाती है कि अन्य सरकारी सुविधाओं से वंचित कर दिया जाएगा। कहा कि ब्याज पर रुपये लेकर आवास के लिए दिया गया है। पूर्व मेें शपथ पत्र के साथ आवास के नाम पर रुपये देने की शिकायत तहसील दिवस, थाना समाधान दिवस में किया जा चुका है। लेकिन अभी तक कोई कार्यवाही नहीं हुई। इस संबंध में दुदी के विकास खंड अधिकारी प्रदीप कुमार पांडेय ने कहा कि मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। अगर इस तरह की घटना हुई है तो मैं जांच करवा कर कार्यवाही कराई जाएगी। जांच में प्रधान या शिकायतकर्ता जो भी दोषी मिलेगा उसके खिलाफ कार्यवाही की जाएगी। वही ग्राम प्रधान बोधाराम का कहना है कि ग्रामीणों का आरोप गलत है। उन्होंने पीएम आवास दिलाने के एवज में किसी से रुपये नहीं लिया है। प्रदर्शन में सुजीता, माया, सुमन देवी, मीना देवी, दुर्गावती आदि शामिल रही।