सोनभद्र। पुरानी पेंशन बहाली सहित अन्य मांगों को लेकर मंगलवार को आल इंडिया टीचर्स एंड इंप्लाइज वेलफेयर एसोसिएशन (अटेवा) के बैनर तले शिक्षकों ने मंगलवार को डायट में विरोध प्रदर्शन किया। बांह पर काली पट्टी बांधकर सरकार विरोधी नारे लगाए। अटेवा के जिलाध्यक्ष राजकुमार मौर्य ने कहा कि पुरानी पेंशन योजना की बहाली और नई पेंशन योजना के विरोध में शिक्षक एकजुट हैं। कहा कि देशभर के शिक्षकों और कर्मचारियों ने विरोध स्वरूप नया वर्ष नहीं मनाया। कहा कि नई पेंशन योजना के तहत जो शिक्षक कर्मचारी रिटायर हो रहे हैं, उन्हें न्यूनतम पेंशन मिल रही है। इससे उनका गुजारा नहीं हो रहा। प्रदेश अध्यक्ष महिला प्रकोष्ठ रंजना सिंह ने कहा कि जब तक सरकार पुरानी पेंशन बहाल नहीं करती, जब तक हमारा विरोध जारी रहेगा। जिला मंत्री राधेश्याम पल ने कहा कि सांसद और विधायक पेंशन के हकदार हैं लेकिन लंबे समय तक सरकार की सेवा करने वाले शिक्षक और कर्मचारी उपेक्षित हैं। इस दौरान रामगोपाल यादव, अरुण त्रिपाठी, सतीश यादव, जिला मीडिया प्रभारी सर्वेश तिवारी, ब्लॉक अध्यक्ष राबर्ट्सगंज उमा सिंह, राजेश सिंह, राजकुमार सिंह, कमलेश जायसवाल, कमलेश यादव, प्रभा शंकर मिश्रा, राजेश कुमार, अभय त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।