दुद्धी। कृषि मंडी परिसर में शुक्रवार को दोपहर में तहसील क्षेत्र के सरकारी सस्ते गल्ले के कोटेदारों की बैठक हुई। इसमें 10 नवंबर तक सभी कार्डधारकों का आधार कार्ड फीडिंग कराने पर चर्चा हुई। यहां जिला पूर्ति अधिकारी राकेश तिवारी ने कहा कि कोटेदार हर हाल में 10 नवंबर तक हर कार्ड धारकों का आधार कार्ड फीडिंग करा लें। इसी महीने में तहसील क्षेत्र के हर दुकान पर मशीनें लग जायेंगी। मशीनें लगने पर आधार पर ही कार्डधारकों को खाद्यान मिलेगा। संबंधित गांव के कोटेदार हर हाल कार्डधारकों का आधार कार्ड फीडिंग का कार्य पूरा करा लें, नही तो ऐसे कोटेदारों को चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी। डीएसओ ने कहा कि कार्डधारक संबंधित सरकारी गल्ले के दुकान पर पहुंच कर अपना खाद्यान्न ले लें। उन्होंने कोटेदारों को हिदायत दिया कि नियत समय से सरकारी सस्ते गले की दुकान खोल कर सरकार से निर्धारित दर पर सभी कार्डधारकों को खाद्यान्न देना सुनिश्चित करें। यदि किसी कार्डधारक ने खाद्यान्न न मिलने की शिकायत की तो संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बैठक में क्षेत्रीय खाद अधिकारी रिपुसूदन लाल आर्या, आपूर्ति निरीक्षक रामलाल यादव, सुरेश कुमार, संजय शर्मा मौजूद रहे।