सोनभद्र। नौगढ़ फीडर से दुबेपुर और पन्नूगंज पोषक लाइन के जरिए नक्सल प्रभावित इलाकों में होने वाली बिजली आपूर्ति में रात में आपात कटौती को बंद कराने की पहल शुरू हो गई है। एक्सईएन राबर्ट्सगंज एसके सिंह ने पूर्वांचल विद्युत निगम के एमडी को पत्र भेजकर कटौती बंद कराने का अनुरोध किया है। पत्र में कहा है कि रात में आपात कटौती होने से नक्सल प्रभावित इलाकों में स्थापित सीआरपीएफ कैंप और पुलिस थानों की आपूर्ति बाधित हो जाती है। गांवों में अंधेरा छा जाता है, जो सुरक्षा की दृष्टि से ठीक नहीं है। अनुरोध किया है कि 132 केवीए के छपका उपकेंद्र से जुड़े नौगढ़ फीडर से होने वाली आपूर्ति को रात में आपात कटौती से मुक्त कराने की कार्यवाई की जाए। सांसद छोटेलाल खरवार और भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष धर्मवीर तिवारी ने बृहस्पतिवार को एक्सईएन से मुलाकात कर आपात कटौती बंध कराने को कहा था।