अनपरा। अनपरा तापीय परियोजना आवासीय परिसर स्थित ऑडिटोरियम में ऊर्जांचल जन कल्याण समिति व अणुव्रत समिति के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार की रात्रि आयोजित भारत के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई की याद में एक शाम अटल के नाम अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। जिसमें देश के कई नामचीन कवियों ने अटल जी को कविता के माध्यम से श्रद्धा सुमन अर्पित किया।
बस्ती से आई कवियित्री शिवा त्रिपाठी ने वाणी वंदना वीणा वादिनी मां वर दो दूर करो अंधेरा से कवि सम्मेलन का आगाज किया। संचालन कर रही कवियित्री रचना तिवारी ने अटल जी को याद करते हुए कहा कि हे अटल तुम्हारा चरित्र स्वयं रामायण और गीता है, जो जिसने जितना जाना है वह उतना ही रीता रीता है ,दो आंसू मेरे भी ले लो अपने अंतरमन यात्रा में। कौशांबी से आये हुए हास्य व्यंग के युवा कवि विजेन्द्र दमदार ने आते ही लोगों को हंसा कर लोटपोट करना शुरू कर दिया। पीएम की कुर्सी मिलने का कोई आभास नहीं, उनके वायदों पर जनता को कोई विश्वास नहीं। बाराबंकी से आये हुए आज के सशक्त हस्ताक्षर विनय शुक्ला ने अपने दमदार आवाज और ओजपूर्ण कविताओं से लोगों को रोमांचित कर दिया। उन्होंने अटल जी को याद करते हुए कहा कि आजादी का जश्न शोक में न डूबे इसलिए एक दिन बाद गए अटल जी गए। रेप और गैंगरेप पर भी उन्होंने बहुत ही शानदार कविता सुनाई ए देश में दरिंदों की जमावड़ा इतना बढ़ा की पापियों के पाप के नगाड़े बजने लगे, बस्ती से आयी डाक्टर शिवा त्रिपाठी ने समसामयिक विषयों पर अपनी कविताएं पढ़ी गिले-शिकवे मिटाकर जीवन में प्यार बढ़ने दो। सबसे अधिक तालियां और वाहवाही लूटी, पूर्व सैनिक कवि नरेश निर्भीक ने श्रोताओं में देशभक्ति की ज्वार भर दी। कहा कि भूले से भी ना भूल जाना सीखे अटल बिहारी की, देश के गद्दारों के सीने में एक डर भर दो जो काम आसाम में हो रहा है पूरे देश में कर दो, आस्तीन के सांपों को छोड़ते रहे यू तो पूरा देश कश्मीर बन जाएगा। जिस दिन भारत का सब्र बांध टूटेगा पाकिस्तान के हर कोने में भारत का बम फूटेगा। कवियित्री रचना तिवारी ने श्रृंगार तथा देश भक्ति कविता सुनाकर ऑडिटोरियम को तालियां से गुंजायमान कर दिया। अंत में वयोवृद्ध रवि साजन ग्वालियरी ने आते ही लोगों को गुदगुदाना शुरू कर दिया उनके हर शब्द में हास्य व्यंग्य की पुट भरी हुई थी। जिसका तालियों की गड़गड़ाहट के साथ बारह सौ से अधिक श्रोता रसपान कर रहे थे। देर रात तक ऑडिटोरियम में श्रोतागण वाह-वाह कहकह कर ठहाके लगाते रहे। इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एनसीएल बीना परियोजना के महाप्रबंधक राजेन्द्र राय ने दीप प्रज्जलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे अणुव्रत समिति के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के सी जैन व सामाजिक कार्यकर्ता आर डी सिंह ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पूर्व कबीना मंत्री कैलाश नाथ यादव, पूर्व ब्लाक प्रमुख संजय यादव, पूर्व विधायक रूबी प्रसाद, जीएम आर पी सिंह, एन एन तिवारी, बालकेश्वर सिंह, अजीत सिंह कंग, अनिल जैन, कृष्णा सिंह, प्रमोद शुक्ला, नितेश सिंह चौहान, संजय तिवारी, कुशाग्र मिश्रा सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।