पूर्व मध्य रेलवे के गढ़वा से सिंगरौली तक रेलवे पटरी के दोहरीकरण के काम के तहत मंगलवार को अंडरब्रिज के निर्माण को लेकर हावड़ा-सिंगरौली रूट पर रेल यातायात करीब पांच घंटे यातायात बाधित रहा। इस दौरान विभिन्न स्टेशनों पर सवारी गाड़ियों को खड़ा किया गया था। इससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। करीब पांच घंटे बाद यातायात बहाल होने से लोगों ने राहत की सांस ली। इलाके के म्योरपुर-दुद्धी मार्ग पर कटौधी रेलवे गेट के पास अंडरब्रिज के निर्माण को लेकर रेल यातायात करीब पांच घंटे तक बाधित रहा। अंडरब्रिज के निर्माण को देखने के लिए बड़ी संख्या में आसपास के गांवों के ग्रामीण मौजूद रहे। पूर्व मध्य रेलवे के धनबाद डिवीजन के तहत गढ़वा से सिंगरौली तक के रेलवे दोहरीकरण के कार्य के तहत अंडरब्रिज का निर्माण कराया जा रहा है। दुद्धी-म्योरपुर मार्ग पर तीन रेलवे गेट होने को लेकर आए दिन लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। रेलवे द्वारा मार्ग पर रेलवे गेट की व्यवस्था खत्म कर अंडरब्रिज का निर्माण किया जा रहा है। इससे ट्रेन आने पर गेट बंद होने की परेशानी से छुटकारा मिल जाएगा। इसी ब्रिज के निर्माण के तहत जबलपुर से हावड़ा व रांची-चोपन इंटरसिटी समेत कई गाड़ियां विभिन्न स्टेशनों पर खड़ी रही। इससे यात्रियों को काफी परेशानी हुई। हालांकि ब्रिज के युद्धस्तर पर हुए निर्माण के बाद यातायात करीब दो बजे शुरू कर दिया। इस संबंध में रेलवे के सीटीआई मनुराम ने बताया कि अंडरब्रिज के निर्माण को लेकर काम चल रहा है जो इंजीनियरिंग विभाग के जिम्मे है।