दुद्धी। तहसीलदार मृत्युंजय सिंह ने कनहर परियोजना की विस्थापित महिला लखपतिया के निधन पर उनके परिवार के लोगों को दस दिन के अंदर विस्थापन पैकेज देने का आश्वासन दिया है। शनिवार को लखपतिया के निधन के बाद उसके परिवार वाले उसका शव लेकर फील्ड हास्टल पहुंच गए थे और वहां पुनर्वास पैकेज की मांग को लेकर शव रखकर धरना शुरू कर दिया था।
दोपहर बाद करीब एक बजे से परिवार वालों के साथ ग्रामीणों का शुरू हुआ धरना करीब आठ बजे रात तक चला। मौके पर पहुंचे तहसीलदार मृत्युंजय सिंह और नायब तहसीलदार कैलाश यादव व अधिशासी अभियंता कनहर सिंचाई परियोजना हेमंत वर्मा ने 10 दिन के भीतर मृतका के परिजनों व अन्य विस्थापितों को पुनर्वास पैकेज के दिए जाने का लिखित आश्वासन दिया। साथ ही 50 हजार की धनराशि मृतका के परिजनों को नकद मौके पर दिया। तब करीब आठ घंटे बाद परिवार वाले शव लेकर वहां से उठे। इसके बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली। इस मौके पर विस्थापित नेता पंकज गौतम, इदरीश अंसारी, ग्राम प्रधान भिसुर संतोष कुमार, राजेंद्र यादव, रामशरण, सत्यदेव यादव, राधेश्याम, मोती यादव, राजेश, जोखू, चंद्रदेव सहित करीब दो सौ विस्थापित मौजूद रहे।