सोनभद्र ।राजकीय महिला महाविद्यालय की छात्राओं ने रविवार को राष्ट्रीय सेवा योजना के अंतर्गत रैली निकाल कर मतदाताओं को जागरुक किया। इसकी शुरुआत एनएसएस गीत के साथ ही सरस्वती वंदना से हुई। राष्ट्रीय सेवा योजना के बैनर तले छात्राओं ने राबर्ट्सगंज ब्लॉक अंतर्गत छपका गांव में रैली निकाली। इस दौरान गांव में गली-गली में घूमकर मतदाताओं को जागरूक किया गया। यह भी बताया गया कि जिनकी उम्र 18 वर्ष एक जनवरी को हो गई हो तो वे अपना मतदाता सूची में नाम जरूर जोड़वा लें, क्योंकि लोकतंत्र का असली भाग्य विधाता मतदाता ही होता है। इसके अलावा स्वच्छता के बारे में भी लोगों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. गिरीश कुमार ख्वाब ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से छात्राओं के व्यक्तित्व का विकास होगा। इन्हें इस मंच के माध्यम से समाज से जुड़ने का मौका, समाज सेवा, समाज के प्रति अपने कर्तव्य का ज्ञान होता है। वास्तव में इस मंच के द्वारा छात्राओं के व्यक्तित्व का विकास होगा।
म्योरपुर संवाददाता के अनुसार भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश के क्रम में रविवार को तहसील क्षेत्र के बूथों पर विशेष अभियान के तहत नाम दर्ज किए गए। एक जनवरी को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं ने बड़ी संख्या में पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराया। म्योरपुर में भी बिड़ला विद्या मंदिर इंटरमीडिएट कॉलेज में तीन बूथों पर विशेष अभियान के तहत नाम दर्ज किया गया। इन बूथों पर क्रमश: बूथ 49 पर 15, बूथ संख्या 50 पर 14 तथा बूथ संख्या 51 पर 18 नए नाम शामिल किए गए। 18 वर्ष आयु पूरी करने वाले युवाओं ने बढ़ चढ़कर अपना नाम दर्ज कराया। इसके अलावा मृतकों के नाम सूची से हटाए भी गए। म्योरपुर के साथ ही रासपहरी, कुसम्हा समेत विभिन्न ग्राम पंचायतों में बूथों पर विशेष अभियान के तहत लोगों का नाम दर्ज किया गया। इस मौके पर पदभिहित अधिकारी रविन्द्र चौबे, ब्रह्मदेव तिवारी, क्षेत्रीय लेखपाल सुरेंद्र नारायण पाठक, बीएलओ उर्मिला देवी, रुकसार नाज, अभय प्रकाश समेत हर बूथ पर बीएलओ मौजूद रहे।
उधर, सोनभद्र। जिले भर के मतदेय स्थलों पर रविवार को विधानसभा निर्वाचन के लिए मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाए जाने तथा संशोधन के लिए विशेष अभियान चलाया गया। मतदेय स्थलों पर बीएलओ मौजूद रहें। डीएम पीके उपाध्याय समेत कई अधिकारी बूथों का भ्रमण कर जायजा लेते रहे।
जिलाधिकारी पीके उपाध्याय ने राजकीय बालिका इंटर कालेज, राजा शारदा महेश इंटर कालेज, आदर्श इंटर कालेज राबर्ट्सगंज पोलिंग बूथों का निरीक्षण किया। डीएम ने मतदाता पुनरीक्षण में लगें कर्मियों से प्रगति रिपोर्ट की जानकारी ली। चेतावनी डीएम ने कहा कि मतदाता सूची मेें पात्रों का नाम शामिल करते हुए अपात्रों का निरस्त किया जाए। कहा कि बीएलओ अपने-अपने क्षेत्र में लोगों को मतदाता सूची में छूटे लोगों का नाम शामिल कराने के लिए जागरूक करें। डीएम ने तहसीलदार नंदलाल सिंह को ग्रामीण इलाकों के बूथों पर निरीक्षण करने के लिए भेजा। उधर सदर एसडीएम विशाल यादव ने लोढ़ी समेत कई बूथों पर निरीक्षण किया।