सोनभद्र (दुद्धी)। भाऊ राव देवरस राजकीय पीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव के लिए मंगलवार को गहमा-गहमी के बीच विभिन्न पदों के लिए 12 नामांकन पत्र दाखिल हुए। सुरक्षा के पुख्ता इंतेजाम रहे। बुधवार को नामांकन पत्रों की जांच होगी और गुरुवार को पर्चा वापसी होगी। इसके अलावा 18 जनवरी को सुबह नौ बजे से मतदान होगा। उसी दिन मतगणना के बाद विजयी पदाधिकारियों की घोषणा के साथ ही शपथ दिलाई जाएगी।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच छात्रसंघ चुनाव के विभिन्न पदों के लिए सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए गए। अध्यक्ष पद के लिए महेश कुमार एमए प्रथम वर्ष, विनीत कुमार बीकॉम प्रथम वर्ष, विशाल जायसवाल बीकॉम द्वितीय वर्ष एवं श्याम कुमार बीकॉम तृतीय वर्ष ने नामांकन दाखिल किया। उपाध्यक्ष पद के लिए खुशबू बीए द्वितीय वर्ष, मोहम्मद महफज खान बीकॉम तृतीय वर्ष, नंदन कुमार बीकॉम प्रथम वर्ष ने नामांकन भरा। महामंत्री पद के लिए आकाश कुमार श्यामा बीए तृतीय वर्ष एवं विवेक कुमार बीएससी प्रथम वर्ष ने नामांकन दाखिल किया। वहीं कला संकाय प्रतिनिधि के लिए पंकज कुमार बीए प्रथम वर्ष ने नामांकन दाखिल किया। विज्ञान संकाय प्रतिनिधि के लिए इरशाद अहमद बीएससी तृतीय वर्ष एवं कुमारी पूनम वर्मा बीएससी द्वितीय वर्ष ने नामांकन दाखिल किया। वाणिज्य संकाय प्रतिनिधि एवं पुस्तकालय प्रतिनिधि के लिए कोई नामांकन दाखिल नही किया गया। चुनाव अधिकारी रामसेवक यादव ने बताया कि बुधवार को सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक नामांकन पत्रों की वैधता की जांच की जाएगी। वहीं एक बजे के बाद वैध नामांकन पत्रों की घोषणा की जाएगी। 11 जनवरी को सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक नाम वापस लिए जाएंगे। उसी दिन सभी प्रत्याशियों की अंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी। 18 जनवरी को सुबह नौ बजे से दोपहर दो बजे तक मतदान होगा। सायं चार बजे के बाद से मतगणना के पश्चात परिणामों की घोषणा की जाएगी।