सोनभद्र (बभनी)। ब्लॉक के खोतोमहुआ और जौराही गांव में मंगलवार को बुखार से दो और लोगों की मौत हो गई। अब तक दोनों गांवों में सात लोग दम तोड़ चुके हैं। उधर, स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कैंप लगाकर मरीजों के रक्त का नमूना लिया और दवाएं भी वितरित की गई।
इस बीमारी से लगातार काल के गाल में समा रहे लोगों से आम आदमी और स्वास्थ्य विभाग में भी खलबली मची हुई है। बीमारी भी लोगों की समझ में नहीं आ रही है। चोपन ब्लॉक के गिधिया गांव में बुखार से लोगों के मरने और बीमार होने के बाद अब बभनी ब्लॉक के खोतोमहुआ और जौराही में भी ऐसा ही मामला सामने आया है। मंगलवार को पंकज कुमार (6) पुत्र भवन सिंह निवासी जौराही और रामरतन (45) पुत्र बसंत निवासी खोतोमहुआ की बुखार से मौत हो गई। इसके पूर्व रीता (13) पुत्री बेचन निवासी जौराही, रानी (11) पुत्री सुखदेव, हरी प्रसाद (50) पुत्र मोहर, देवंती (45) पत्नी पुरुषोत्तम, राजकुमारी (19) पुत्री राधेराम निवासी खोतोमहुआ की मौत हो चुकी है। मंगलवार को प्राथमिक विद्यालय जौराही और खोतोमहुआ में बभनी सीएचसी के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. वरूणानिधि ने अपनी टीम के साथ मेडिकल कैंप लगाकर लोगों का उपचार किया। बुखार से पीड़ित मरीजों का रक्त नमूना भी लिया गया। बुखार से राजेंद्र (45), प्रभु नारायन (35), सुनैना (45) रामबरन (55), जीयुधन (65), रामबाबू (17), मीनाक्षी (14), राजमति (45), किसमत (38), विजय (21), राजनरायन (44), रामचंद्र (35), आरती (4), मुकेश (6), क्रीमा (2) आदि बुखार से पीडित हैं। गांव में भगवान दास, फूलबसिया और परमेश्वर आदि की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं सीएमओ डॉक्टर एसपी सिंह ने बताया कि जिले से टीम भेजी गई है। 150 लोगों का उपचार हुआ है। 85 लोगों का सैंपल लिया गया। डॉ. डीएन श्रीवास्तव, डॉ. राम सिंह, डॉ. रोहित, डॉ. जेपी आजाद, पवन सिंह, सभाजीत दवाएं आदि वितरित कर रहे हैं।