सोनभद्र। जिले में हो रही बेतहाशा बिजली कटौती से लोग तो परेशान हैं ही, अब जिला जेल की सुरक्षा का भी खतरा हो सकता है। घुरमा में स्थित जिला जेल में रात में हो रही विद्युत कटौती को लेकर जेल अधीक्षक ने बिजली विभाग के एक्सईएन को पत्र लिखा है। इसमें बिजली न होने से जेल पर खतरे का जिक्र किया है। उधर अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड यूसी मिश्रा का कहना है कि अब आपूर्ति ठीक हो गई है।
यूपी में सत्ता बदलने के बाद जिला मुख्यालय पर 24 घंटे, तहसील मुख्यालय पर 20 और ग्रामीण इलाकों में 18 घंटे बिजली आपूर्ति का फरमान मुख्यमंत्री ने दिया था लेकिन इस फरमान का कोई असर नहीं दिख रहा। ग्रामीण क्षेत्रों में भयंकर विद्युत कटौती हो रही है। खासकर गुर्मा फीडर क्षेत्र के लोगों को बमुश्किल दस घंटे ही बिजली मिल पा रही है। उधर गुर्मा फीडर से ही जिला जेल को बिजली की आपूर्ति होती है। जब कटौती या कोई फाल्ट होता है तब जिला जेल की भी आपूर्ति ठप हो जाती है। इससे जेल के संचालन में भी परेशानी होती है। जिला जेल के अधीक्षक ने इसको लेकर बिजली विभाग के एक्सईएन को बिजली व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए पत्र भेजा है। पत्र में जिक्र किया है कि शासन से ग्रामीण क्षेत्रों को 18 घंटे बिजली आपूर्ति का आदेश है लेकिन गुर्मा फीडर से जुड़े इलाकों में अक्सर कटौती हो रही है। इससे जिला जेल की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है। उधर विद्युत विभाग के एक्सईएन यूसी मिश्रा का कहना है कि उन्हेें जेल अधीक्षक का पत्र प्राप्त हुआ है। इसमें उन्होंने बिजली कटौती और जेल की सुरक्षा को खतरा होने का जिक्र किया है। सहायक अभियंता को भेजकर बिजली की आपूर्ति की जांच कराई गई थी। अब ठीक आपूर्ति हो रही है।