अनपरा (सोनभद्र) : अनपरा कांट्रैक्टर वेलफेयर सोसाइटी के बैनर तले बकाये भुगतान की मांग को लेकर बुधवार को लैंको परियोजना के मुख्य द्वार पर ठेकेदारों ने धरना दिया।
ठेकेदारों ने कहा कि लैंको पर ठेकेदारों का करोड़ों रुपये बाकी है। परियोजना प्रशासन उसे देने में आनाकानी कर रहा है। बुधवार की सुबह ठेकेदार वार्ता के लिए प्रोजेक्ट हेड से मिलना चाहते थे लेकिन उन्होंने मिलने से इंकार कर दिया। ठेकेदारों को गेट के अंदर जाने भी नहीं दिया गया। जिसके कारण गेट के सामने धरना देना पड़ा। इसके बाद परियोजना के आपरेशन हेड व एचआर हेड ठेकेदारों से मिले। उन्होंने आश्वासन दिया कि मुख्यालय के उच्चाधिकारियों से वार्ता कर भुगतान कराया जाएगा। ठेकेदारों ने चेतावनी दी कि यदि त्वरित भुगतान नहीं किया गया तो ठेकेदार हर दिन धरना देने को मजबूर होंगे। इस मौके पर राजेश यादव, रामकिशुन सिंह यादव, आशुतोष, संजय कुमार, तैय्यब अंसारी, कृष्णकांत दूबे, संतोष यादव, संतोष जायसवाल, छोटे सिंह आदि उपस्थित रहे।वहीं एचार हेड एसके द्विवेदी ने कहा कि परियोजना की स्थिति अच्छी नहीं है। ठेकेदारों का भुगतान लंबित है। मुख्यालय द्वारा इस पर कार्रवाई की जा रही है। भुगतान के लिए परियोजना के सामने धरना देने से हल नहीं निकलेगा। परियोजना के उच्चाधिकारी भुगतान के लिए अपने स्तर से पूरा प्रयास कर रहे हैं। (ब्यूरो)