सोनभद्र। सपा नेताओं को जान से मारने की धमकी देने वालों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग को लेकर राबट्र्सगंज तहसील में मंगलवार को कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। राबर्ट्सगंज पुलिस पर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करने की बजाए संरक्षण देने का आरोप मढ़ा। प्रदर्शन के बाद एसडीएम को मांगपत्र सौंपा। यहां से कोतवाली पहुंच कर कार्यकर्ताओं ने कोतवाल को भी ज्ञापन सौंपा। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
सपाजनों ने कहा कि सोमवार की देर रात एक युवक राबर्ट्सगंज के न्यू कालोनी निवासी अंकित के मोबाइल पर कॉल कर खुद को राजन सिंह बताते हुए उसे धमकी देने लगा। अंकित के पास में खड़े सपा नेता राजकिशोर सिंह ने मोबाइल लेकर धमकी देने वाले से बातचीत करने लगे तो फोन करने वाले ने जान से मारने की धमकी दी। रात में ही नेताओं ने पुलिस को घटना की सूचना दी। कहा कि राबर्ट्सगंज चौकी पुलिस अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करने की बजाए उन्हें संरक्षण दे रही है। कहा कि अपराधियों को पनाह देने वाले दारोगा और सिपाही को चिह्नित कर उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। उधर कोतवाली मेें कोतवाल राजीव मिश्रा ने नेताओं को बताया कि अंकित की तहरीर पर सनम और राजन सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। एफआईआर की कापी मिलने के बाद नेता कोतवाली से वापस लौट गए। इस मौके पर हिदायत उल्ला खां, विराट पाठक, बंटी दूबे, सुधाकर, अभिषेक चौबे, विजय पांडेय, अंबुज सिंह आदि मौजूद रहे।