सोनभद्र। कड़ाके की ठंड से लोगों को बचाने के लिए प्रशासन की ओर से सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाया जाएगा। इसके अलावा शहरी क्षेत्रों में रैन बसेरा भी बनाए जाएंगे। अलाव के लिए शासन स्तर से जिला प्रशासन को डेढ़ लाख भेजा गया है। एडीएम उमाकांत त्रिपाठी ने तीनों तहसील को अलाव के लिए 50-50 हजार आवांटित भी कर दिया।
सोनांचल में धीरे-धीरे ठंड बढने लगी है। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि दिसंबर में ठंड विकराल रूप धारण कर लेगी। ठंड से गरीबों और राहगीरों को बचाने के लिए योगी सरकार ने जिला प्रशासन को सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलवाने और शहरी क्षेत्रों में जरूरत के अनुसार रैन बसेरा बनवाने का निर्देश दिया है। पिछले वर्ष भी जगह-जगह अलाव की व्यवस्था की गई थी। राबर्ट्र्सगंज समेत अन्य शहरों में रैन बसेरा भी खोले गए थे। लेकिन रैन बसेरा में लोगों के ठहरने आदि की व्यवस्था न के बराबर होने से उसमें गिने-चुने लोग ही रूके थे। अपर जिलाधिकारी उमाकांत त्रिपाठी ने कहा कि शासन से डेढ़ लाख रुपये अलाव के लिए मिला है। राबट्र्सगंज, दुद्धी और घोरावल को 50-50 हजार आवंटित कर दिया गया है। कहा कि शहरी क्षेत्रों में नगर पालिका और नगर पंचायतों द्वारा अलाव जलाए जाएंगे। कहा कि तीनों एसडीएम को जरूरत के अनुसार क्षेत्र में रैन बसेरा खुलवाने के लिए निर्देशित किया गया है। कहा कि रैन बसेरा में रोशनी, शुद्ध पेयजल, रजाई, गद्दा आदि की व्यवस्था रहेगी। ताकि ठहरने वालों को कोई परेशानी न हो सकें।