सोनभद्र। मारकुंडी घाटी स्थित वीर लोरिक स्मारक स्थल पर शुक्रवार को गोवर्धन पूजा का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने वीर लोरिक स्मारक स्थल के विस्तार की घोषणा करते हुए कहा कि इसके लिए शासन से धन अवमुक्त कराया जाएगा।
उन्होंने भविष्य में वीर लोरिक स्थल को पर्यटन के रूप में विकसित करने का भरोसा दिया। कहा कि प्रदेश सरकार सर्वसमाज के लिए काम कर रही है। इसके जरिए समाज के अंतिम व्यक्ति को मुख्य धारा से जोड़ा जाएगा। इसके पूर्व विधि-विधान से गोवर्धन पूजा शुरू की गई। पतिवाह बाबा ने खौलते दूध से स्नान कर परंपरागत पूजा-अर्चना की। यहां पूजन-अर्चन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं ने दूध से घोड़े पर सवार वीर लोरिक की प्रतिमा का स्नान कराया। खौलते दूध से ही पुजारी पतिवाह बाबा ने स्नान कर लोगों को आश्चर्यचकित कर दिया। दूध से स्नान करने के बाद पतिवाह बाबा हवन कुंड में देर तक खड़े रहे। एक बच्चे को भी खौलते दूध से स्नान कराया लेकिन पुजारी और बच्चे पर उसका कोई असर नहीं पड़ा। पतिवाह बाबा ने मंत्रोच्चार कर श्रद्धालुओं से हवन करवाया। इसके बाद खौलते दूध को श्रद्धालुओं के हाथ पर प्रसाद के रूप में रखा, लेकिन किसी को प्रसाद के गर्म होने का एहसास तक नहीं किया। पुजारी ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के आशीर्वाद से आग का असर उनके ऊपर नहीं पड़ता। श्रीकृष्ण का पूजन-अर्चन करने वालों की परेशानी खुद दूर हो जाती है। इसके बाद हवन का कार्यक्रम हुआ। कुश्ती-दंगल, बिरहा का भी आयोजन किया गया। इस दौरान धर्मेंद्र यादव और कविता कृष्णमूर्ति के मध्य बिरहा मुकाबले का भी आयोजन किया गया। आयोजकों की ओर से विजेताओं को सम्मानित किया गया। पूजन कार्यक्रम में गाजीपुर के सुरेंद्र पंथी पुजारी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजन के दौरान सुरक्षा के कड़े प्रबंध बने रहे। संचालन रोशन लाल यादव ने किया। सदर विधायक भूपेश चौबे, दुद्धी विधायक हरिराम चेरो, पूर्व विधायक रमेश चंद्र दूबे, पूर्व विधायक रूबी प्रसाद, पूर्व सांसद नरेंद्र सिंह कुशवाहा, सपा जिलाध्यक्ष विजय यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष सपा रामनिहोर यादव, श्याम बिहारी यादव, पूर्व ब्लाक प्रमुख संजय यादव, बाबूलाल यादव, मनोज सोनकर, बबलू धांगर, अजीत रावत, कमलेश उर्फ नेता यादव आदि मौजूद रहे।
उधर, कार्यक्रम में आगमन से पूर्व हिंदुआरी तिराहे पर नगर विकास राज्यमंत्री का विधायक सदर भूपेश चौबे, भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक मिश्रा, भाजपा के वरिष्ठ नेता गोविंद यादव, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष कृष्ण मुरारी गुप्ता, वीरेंद्र जायसवाल, शम्भू नरायण सिंह, सुरेश यादव आदि ने गर्मजोश स्वागत किया।