ओबरा(सोनभद्र)। स्थानीय पीजी कॉलेज का छात्रसंघ निर्वाचन 2018-19 की तिथि घोषित कर दी गई है। जारी विज्ञप्ति में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रमोद कुमार एवं निर्वाचन अधिकारी डॉ. किशोर कुमार सिंह ने बताया कि दशहरा एवं दीपावली पर्वों के दौरान पुलिस बल की अनुपलब्धता के कारण प्रशासन की सहमति से 12 नवंबर को चुनाव की अधिसूचना तथा 22 नवंबर को मतदान की तिथि प्रस्तावित है। उधर, महाविद्यालय के गेट पर बुधवार को छात्र नेताओं के चलाए जा रहे आमरण अनशन के तीसरे दिन अनशनकारी हिमांशु यादव की हालत खराब होने पर पुलिस ने उसे परियोजना अस्पताल में भर्ती कराया। अनशनकारियों के बीच कॉलेज के प्राचार्य ने वार्ता कर छात्रसंघ चुनाव 22 अक्तूबर तक संपन्न कराए जाने की प्रस्तावित तिथि से अवगत कराया। जिससे नाराज अनशनकारी अविलंब चुनाव संपन्न कराने की बात पर अड़ गए। अनशनकारी छात्र नेता शुभम पटेल ने कहा कि कॉलेज प्रशासन की अनदेखी और तानाशाही के कारण अनशनकारियों को आंदोलन से गुजरना पड़ रहा है। परमेंद्र कुमार व दीपू शर्मा ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव संबंधित अधिसूचना जारी करने में कॉलेज प्रशासन का रुझान नहीं होना संदेह के घेरे में है और विगत वर्ष के छात्र संघ को भंग किया जाना चाहिए, ताकि नवीन छात्र संघ के निर्वाचन यथास्थिति तय हो सके। छात्रों की मांगों को दरकिनार करना निंदनीय है और बर्दाश्त करने योग्य नहीं है, इसलिए जल्द चुनाव की तिथि घोषित की जाए। मौके पर राहुल प्रताप सिंह, सूरज सिंह, नसरुद्दीन, सीबू, रजत मिश्रा, दीपांकर जयसवाल, दीपक केसरी मौजूद रहे।